Back

भारत के राष्ट्रपति ने मेहर चंद महाजन डी.ए.वी. महिला कॉलेज, चण्डीगढ़ के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित किया

राष्ट्रपति भवन : 28.02.2018

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (28 फरवरी, 2018 ) मेहर चंद महाजन डी.ए.वी. महिला कॉलेज, चण्डीगढ़ के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया और उसे संबोधित किया।

इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें मेहर चंद डी.ए.वी. महिला कॉलेज चण्डीगढ़ के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेकर खुशी हुई है। महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती और भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश, स्वर्गीय मेहर चंद महाजन की दूरदृष्टि से प्रेरित हो कर, यह कॉलेज महिला शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मेहर चंद महाजन ने पिछले पांच दशकों के दौरान उत्तर भारत में महिला शिक्षा में बहुत योगदान दिया है। राष्ट्रपति ने उम्मीद व्यक्त की कि यह कॉलेज आने वाले 50 वर्ष में, क्षेत्र में एक आदर्श कॉलेज बना रहेगा तथा और अधिक ख्याति प्राप्त करेगा।

राष्ट्रपति ने स्वतंत्र भारत के पहले योजनाबद्ध शहर के रूप में चण्डीगढ़ के प्रति सम्मान प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नगर नियोजन के मामले में यह हमारे देश के लिए एक उदाहरण है। यह शहर ‘हरित भारत’, ‘स्वच्छ भारत’ और ‘स्वस्थ भारत’ का प्रतीक है। उन्होंने चण्डीगढ़ के नागरिकों और प्रशासकों को उनके योगदान के लिए बधाई दी।

यह विज्ञप्ति 1300 बजे जारी की गई