Back

अफगानिस्तान के चीफ एक्जीक्यूटिव ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 28.09.2017

अफगानिस्तान इस्लामी गणराज्य के चीफ एक्जीक्यूटिव डॉ. अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने आज (28 सितंबर, 2017) राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की।

भारत में डॉ. अब्दुल्ला का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत उन्हें एक अत्यंत घनिष्ठ मित्र मानता है। हम मुश्किल समय में अफगानिस्तान के निःस्वार्थ नेतृत्व के लिए उनकी सराहना करते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अफगानिस्तान को न केवल एक रणनीतिक साझीदार बल्कि हृदय से जुड़ा हुआ एक देश मानता है। जनता के आपसी आदान-प्रदान ने भारत-अफगानिस्तान संबंधों को बहुत मजबूत बुनियाद दी है। रवीन्द्रनाथ टैगोर का काबुलीवाला प्रत्येक भारतीय के हृदय में अंकित है। प्रत्येक भारतीय काबुल के व्यक्ति पर सहज विश्वास करता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि इस महीने के शुरुआत में भारत और अफगानिस्तान के बीच एक नई विकास साझेदारी की घोषणा की गई है। दोनों पक्ष नई पीढ़ी की विकास परियोजनाओं को आरंभ कर रहे हैं जिनका लक्ष्य अफगानिस्तान के सामाजिक-आर्थिक विकास को सहयोग देना है। भारत सभी संभावित तरीकों से अफगानिस्तान को सहयोग देता रहेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत आतंकवादी ताकतों से लड़ने में अफगान राष्ट्रीय रक्षा और सुरक्षा सेनाओं के बलिदान का गहरा सम्मान करता है। हम अफगानिस्तान में भारतीयों और हमारे मिशन तथा कोन्सुलेट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके ऋणी हैं। भारत अफगानिस्तान के लोगों के खिलाफ सीमा पर आतंकवादी हरकतों की कड़ी निंदा करता है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि अफगानिस्तान के लोगों ने लंबे समय से पीड़ा झेली है। अनेक पीढि़यां आतंकवाद की भेंट चढ़ चुकी हैं। हमें शांति के प्रति उनकी अभिलाषा से सहानुभूति है। हम शांति, स्थिरता और समृद्धि के प्रयास में अफगानिस्तान की जनता और सरकार के साथ हैं।

यह विज्ञप्ति 1855 बजे जारी की गई