Back

भारत के राष्ट्रपति ने गुना, मध्य प्रदेश में ‘असंगठित श्रमिक सम्मेलन’ को संबोधित किया; उन्होंने कहा कि कामगार वर्ग और पिछड़ों के कल्याण के बिना कोई समाज तरक्की नहीं कर सकता

राष्ट्रपति भवन : 29.04.2018

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने आज (29 अप्रैल, 2018) को गुना में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ‘असंगठित श्रमिक सम्मेलन’ में भाग लिया और उसे संबोधित किया।

इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने कहा कि कामगार वर्गों, वंचितों और पिछड़े हुए तबकों के कल्याण पर ध्यान दिए बिना कोई भी समाज तरक्की नहीं कर सकता। भारत के श्रम क्षेत्र में असंगठित क्षेत्र के कामगारों का हिस्सा 80 प्रतिशत से ज्यादा है। उनमें से अधिकांश कृषि और निर्माण क्षेत्र में कार्यरत हैं। इन कामगारों को सामाजिक सुरक्षा की बहुत जरूरत है। राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि भारत सरकार असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए ‘सामाजिक सुरक्षा संहिता’ का सृजन कर रही है। मध्य प्रदेश सरकार ने भी इस दिशा में पहल की है।

शाम को, राष्ट्रपति ने मध्य प्रदेश सरकार द्वारा गुना में ‘मिनी स्मार्ट सिटी मिशन’ से संबंधित एक समारोह को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि शहर और शहरी केन्द्र भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान देते हैं। इसीलिए, भारत सरकार ने स्मार्ट सिटी कार्यक्रम आरंभ किया है और इसके माध्यम से चुनिंदा शहरों के विकास में मदद कर रही है। चुने गए 100 शहरों में से, सात शहर मध्य प्रदेश के हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य स्तर पर राष्ट्रीय पहल के पूरक कार्यक्रम के रूप में ‘मिनी स्मार्ट सिटी’ योजना शुरू करके दूरदर्शी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि गुना को इस पहल का लाभ मिला है और उन्हें विश्वास है कि इससे इस शहर के लोगों की समृद्धि के नए रास्ते खुलेंगे।

यह विज्ञप्ति 1545 बजे जारी की गई।