Back

भारत के राष्ट्रपति ने बेनिन की नेशनल असेम्बली को संबोधित किया; उन्होंने कहा कि भारत बेनिन को साझेदार मित्र देश और पश्चिम अफ्रीका में प्रवेश का महत्वपूर्ण माध्यम मानता है

राष्ट्रपति भवन : 30.07.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने कल (29 जुलाई, 2019) पोर्तो नोवो में बेनिन की नेशनल असेंबली को संबोधित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि लोकतंत्र का पालन करने वाले देशों के रूप में भारत और बेनिन के पास एक दूसरे से साझा करने के लिए बहुत कुछ है। हम बेनिन में लोकतांत्रिक जड़ों के मजबूत होने की सराहना करते हैं। 1990 के दशक में शुरू हुई इस राजनीतिक यात्रा ने काफी लम्बा सफ़र तय किया है। पिछले 30 वर्षों में, इस जटिल और संघर्षग्रस्त क्षेत्र में आपने जिस निरंतरता से मजबूती हासिल की है,वह कई अन्य देशों के लिए शानदार मिसाल है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत बेनिन के साथ एकीकृत प्रयास, समावेशी विकास के आधार पर सभी के विश्वास के साथ यहाँ के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विकासशील देशों के सहयोग के सिद्धांतों के अनुरूप है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि भारतीय फार्मा उद्योग और अस्पताल बेनिन में लोगों को सस्ती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन’ के तहत हमारी साझेदारी से हमें लाखों घरों को टिकाऊ तौर पर रोशन करने में मदद मिल सकती है और हम सुदूरतम इलाकों में लोगों तक ऊर्जा पहुंचा सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि गिनी की खाड़ी बहुत समृद्ध क्षेत्र रही है। इसकी सुरक्षा और संरक्षा हमारी निरंतर प्रगति और साझेदारी के लिए लाभदायी है। इस संदर्भ में, हमारे दोनों देश नेविगेशन की स्वतंत्रता और अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का पालन करने में विश्वास रखते हैं। हम गिनी में खाड़ी में बेनिन के समुद्री डकैती रोधी अभियानों को महत्व देते हैं और बेनिन के साथ हमारी रक्षा और सुरक्षा साझेदारी को बढ़ाने के लिए हमेशा तैयार हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि वैश्विक प्रशासन से लेकर वैश्विक विकास तक, भारत एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है। 2.6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की हमारी जीडीपी अगले सात वर्षों में दोगुनी होने वाली है। जैसे जैसे भारत की अर्थव्यवस्था विकसित होगी, हमारी वैश्विक भागीदारी भी बढ़ती जाएगी। इस पूरे समीकरण में, अफ्रीकी देश हमारे विश्वसनीय भागीदारों के रूप में और हमारी समृद्धि के साझेदार के रूप में प्रमुख भूमिका निभाते रहेंगे। भारत बेनिन को तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था, एक साझेदार मित्र देश और पश्चिम अफ्रीका के लिए महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार के रूप में देखता है। भारत आज बेनिन का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है। 2018-19 में हमारा दो तरफा व्यापार 803 मिलियन अमेरिकी डॉलर की रिकॉर्ड ऊंचाई तक पहुँच गया। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि बेनिन को भारत की ‘ड्यूटी-फ्री टैरिफ वरीयता योजना’ से लाभ हुआ है जिससे बेनिन के निर्यात में वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि बेनिन को ई-वीजा सुविधा प्रदान करने से लोगों से लोगों के बीच हमारे संबंधों और व्यापार संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।

राष्ट्रपति ने कल (29 जुलाई, 2019) राष्ट्रपति श्री पैट्रिस टैलोन द्वारा अपने सम्मान में आयोजित राज-भोज में भी भाग लिया।

आज सुबह (30 जुलाई, 2019), गाम्बिया के लिए प्रस्थान करने से पूर्व, राष्ट्रपति ने नाइजीरिया और बेनिन में भारत के उच्चायुक्त, श्री अभय ठाकुर द्वारा आयोजित भारतीय समुदाय के स्वागत समारोह को संबोधित किया।

बेनिन, नाइजर और अन्य अफ्रीकी देशों से आए भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए,राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे दोनों देशों ने आज जो कुछ भी हासिल किया है, वह बेनिन में रह रहे सक्रिय भारतीय समुदाय के योगदान के बिना संभव नहीं होता। उन्होंने कोटोनोउ में ‘इंडियन एसोसिएशन’ द्वारा किए गए कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेनिन में भारतीय दूतावास के न होने पर, यह एसोसिएशन हमारे समुदाय के सदस्यों और नाइजीरिया के अबूजा में भारतीय मिशन के बीच महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।