Back

भारत के राष्ट्रपति ने भारत के प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले राष्ट्र/शासन प्रमुखों/प्रतिनिधियों के सम्मान में राज-भोज का आयोजन किया

राष्ट्रपति भवन : 31.05.2019

भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द ने कल (30 मई, 2019) राष्ट्रपति भवन में भारत के प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले राष्ट्र/शासन प्रमुखों/प्रतिनिधियों के सम्मान में राज-भोज का आयोजन किया।

राज-भोज में शामिल हुए गण्यमान्य व्यक्तियों में बांग्लादेश लोक गणराज्य के राष्ट्रपति, मोहम्मद अब्दुल हमीद; श्रीलंका लोकतांत्रिक समाजवादी गणराज्य के राष्ट्रपति, श्री मैत्रिपाला सिरिसेना; किर्गीज़ गणराज्य के राष्ट्रपति, श्री सोरोनबई झीनबेकोव; म्यांमार संघ गणराज्य के राष्ट्रपति, श्री ऊ विन मिन्त; मॉरीशस गणराज्य के प्रधानमंत्री, श्री प्रवीन्द कुमार जगनाथ; नेपाल के प्रधानमंत्री, श्री के.पी. शर्मा ओली; भूटान साम्राज्य के प्रधानमंत्री, डॉ. लोतेय शेरिंग, और थाईलैंड राज्य के प्रधानमंत्री के विशेष दूत, श्री ग्रिसदा बूनराच सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के सपने केवल भारत के लिए ही नहीं हैं। अपनी प्रगति के लिए काम करते हुए, हम अपने नजदीकी मित्रों और अपने क़रीबी पड़ोसियों से मिलने वाले समर्थन के बारे में भी सचेत रहते हैं। हिन्द महासागर के गर्म पानी से लेकर बंगाल की खाड़ी के शान्त आलिंगन तक और इससे भी आगे मध्य एशिया की साझा सांस्कृतिक निकटताओं और आर्थिक अवसरों तक, हमारे लोगों में इसी तरह की आशाएं और आकांक्षाएं पनपती रही हैं। सदियों से,भारत एक महान व्यापारिक तंत्र का केन्द्र-बिन्दु रहा है, उस तंत्र का जो मध्य एशिया के भीतरी क्षेत्र से लेकर हिंद महासागर तक फैला हुआ है। यही हमारी विरासत है और यही हमारा भविष्य भी है। हमारे सभी लोगों और वैश्विक समुदाय के लिए, हमें अपने क्षेत्र के भीतर और उसके परे भी, शांति और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। हमारे देश एक-दूसरे की तरक्की और भलाई में परस्पर हितधारक बने हुए हैं।