Back

हॉर्नबिल महोत्सव और राज्य स्थापना दिवस समारोह के उद्घाटन के अवसर पर भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द का संबोधन

किसामा: 01.12.2017

Download PDF

राज्य के रूप में नागालैंड के 54 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह और हॉर्नबिल महोत्सव, 2017 के उद्घाटन के अवसर पर किसामा की इस हरी-भरी और मनोरम भूमि पर आपके बीच उपस्थित होना,सम्मान की बात है।

2. राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर, मैं नागालैंड के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मैं आप सभी के लिए शांति व समृद्धि से भरपूर एक उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। मैं,राज्य स्थापना दिवस मनाने के लिए ‘महोत्सवों के महोत्सव’हॉर्नबिल महोत्सव के आयोजन के लिए भी राज्य सरकार को बधाई देता हूं। मैं ऐसी प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए मुख्य मंत्री और उनकी टीम की सराहना करता हूं।

3. राष्ट्रपति बनने के बाद यह नागालैंड की मेरी पहली यात्रा है। मुझे खुशी है कि मेरी यह यात्रा हॉर्नबिल समारोह के समय हो रही है जो इस राज्य और हमारे पूरे देश के लिए एक अग्रणी पर्यटन समारोह बन गया है।

4. हॉर्नबिल महोत्सव संगीत,नृत्य और खानपान के रूप में वर्षों से सहेजी गई नागा संस्कृति और परंपराओं की श्रेष्ठ प्रस्तुति है। किसामा में हॉर्नबिल महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय संगीत महोत्सव नागा समाज की विविधता को दर्शाता है। इस समाज में सर्वश्रेष्ठ नृत्य और संगीत है और सर्वोत्तम आधुनिक संगीतज्ञ और कलाकार भी हैं।

5. आज हम सभी ने राज्य की संस्कृति का बहुत शानदार प्रदर्शन देखा है। नागा नृत्य व संगीत की ऐसी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए मैं सभी प्रतिभागियों और प्रस्तुतिकर्ताओं को बधाई देता हूं। नागालैंड सचमुच मनमोहक है। जो यहां आता है वह जल्दी से यहां से जाना नहीं चाहेगा। मैं इस महोत्सव में आने वाले पर्यटकों से कहना चाहूंगा कि वे वापसी में कुछ सुन्दर शॉल, जिसके लिए यह राज्य प्रसिद्ध है, खरीद कर ले जाएं।

6. जैसा कि मुझे पता चला है कि प्रत्येक जनजाति और समुदाय में ऐसे कुशल बुनकर हैं जो शॉल की भिन्न-भिन्न शैलियों के कारीगर हैं। हर कृति एक सुन्दर कृति है। मशीन निर्मित उत्पादों के दौर में, नागालैंड को ऐसी पारंपरिक, हाथ से बुनी हुई शॉलों पर उपयुक्त गर्व होना उचित ही है। इन्हें और व्यापक बाजार तक पहुंचाया जाना चाहिए।

मित्रो,

7. विगत अर्ध शताब्दी नागालैंड के लिए उपलब्धियों और कठिनाइयों-दोनों से भरी रही है। राज्य की जनता को अनेक मुश्किलों का सामना करना पड़ा है, परंतु उनकी सहज प्रतिभा और प्रज्ञा तथा उनकी मूल-भूत अच्छाई स्पष्ट दिखाई देती है। आज नागालैंड इतिहास निर्माण के मुकाम पर है। अनेक वर्षों के उग्रवाद के बाद,आशा की किरण दिखाई दी। राज्य के लोगों, भद्र समाज की संस्थाओं और सभी हितधारकों के सहयोग से स्थायी शांति का अवसर मिला है। अभी तक हुई प्रगति के लिए मैं सभी नागा समूहों को बधाई देता हूं। मुझे विश्वास है कि सभी के लिए न्याय संगत तथा सभी की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने वाला समझौता शीघ्र ही संपन्नता हो जाएगा।

8. आज राज्य में ऐसी सरकार है जिसमें कोई विपक्ष नहीं है। यह एक अनूठी स्थिति है। इससे पुरानी राजनीतिक समस्याओं को सुलझाने, स्थायी शांति लाने का अवसर भी मिलता है और इससे विकास तथा नौकरियां और रोजगार के अवसर पैदा करने की प्रक्रिया तेज हो सकती है। नागालैंड इसका ह़कदार है,आप सब इसके हकदार हैं और राज्य के युवा लोग इसके ह़कदार हैं।

9. नागालैंड के युवा देश के गौरव हैं। मैं उनमें उत्कृष्ट और सर्वोत्तम बनने की लालसा और आकांक्षा देखता हूं। वे डॉक्टर-खिलाड़ी, डॉ. टी.आओ के सच्चे वारिस हैं जो स्वतंत्रता के बाद हमारी राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के प्रथम कप्तान थे, और जिन्होंने 1948 के लंदन ओलंपिक में टीम का नेतृत्व किया था। नागालैंड के युवा शेष भारत के लिए आदर्श हैं। इस राज्य की विख्यात बेटी, तेम्सुतुला इमसोंग ने वाराणसी में गंगा नदी के घाटों की सफाई का उल्लेखनीय कार्य करते हुए देश का दिल जीता है।

10. एक और नागा बालिका चिवेलाऊ थेले को दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के बैच में सर्वोत्तम प्रशिक्षु कमांडो घोषित किया गया है। वह इस वर्ष दिल्ली पुलिस की पोस्टर गर्ल बनी है। सशस्त्र सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर के रूप में, मैं कहना चाहूंगा कि मुझे नागा सैनिकों और अधिकारियों पर अत्यंत गर्व है। वे हमारे सर्वोत्तम सैनिकों में शामिल हैं। उन्होंने देश की महती सेवा की है।

मित्रो,

11. ढांचागत सुविधाएं और सड़क-संयोजन परियोजनाएं नागालैंड के विकास की कुंजी हैं। इनसे नागालैंड भारत और विदेश दोनों के नए बाजारों से जुड़ जाएगा। ये परियोजनाएं,यह भारत सरकार की ‘एक्ट ईस्ट’नीति के तथा नागालैंड सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में सड़क-संयोजन पर बल देने के प्रमुख लक्ष्यों में से एक है।

12. नागालैंड में योगदान करने की बहुत क्षमता है। जैविक कृषि उत्पाद, फूल और फल इस राज्य की विशेषता है। नागालैंड में दुर्लभ चिकित्सीय पौधे और जड़ी-बूटियां हैं जिनसे रोजगार पैदा करने और अर्थव्यवस्था को तेज करने में मदद मिल सकती है। मैं नागा जलोकिया का जिक्र करना नहीं भूल सकता, जिसे स्थानीय रूप से ‘किंग चिली’ कहते हैं। यह मिर्च, विश्व की सबसे तीखी मिर्चों में से एक है। हमें चाहिए कि हम इसे बोतलबंद करके विश्व के सबसे ज्यादा बिकने वाले सॉस के रूप में बेचें।

13. नागालैंड में विरासत और संस्कृति तथा अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का अद्वितीय संगम होने से यह एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनने की भी क्षमता रखता है। यहां के समाज की एक अन्य विशेषता है उच्च साक्षरता दर। धारा प्रवाह अंग्रेजी बोलने वाली, सूचना प्रौद्योगिकी में सहज गति रखने वाली के साथ सहज और अग्रगामी युवा आबादी राज्य को और पूरे क्षेत्र को भविष्य में सेवा उद्योगों के केन्द्र में बदल सकती है।

14. हमारा देश कारोबार, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति- हर क्षेत्र में महती प्रगति कर रहा है। हम विश्व की तीव्रतम बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हैं। हम एक विविधतापूर्ण राष्ट्र भी हैं। हमारी भाषायी, जातीय, पंथीय और भौगोलिक विविधता ने भारत को विशेष राष्ट्र बना दिया है और यही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। एक भारतीय के रूप में और एक नागा के रूप में यह समय रोमांचकारी समय है। नागालैंड और पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत की गाथा की धुरी हैं। नागालैंड के विकास के बिना भारत का विकास अधूरा रहेगा।

15. हम उत्सव के मौसम में प्रवेश कर रहे हैं। कुछ ही हफ्तों में, हम क्रिसमस मनाएंगे और नए साल में कदम रखेंगे। यह वक्त, परिवार और मित्रों के साथ बिताने का वक्त है। यह नए-पन और संकल्प का समय है और यह शांति व समृद्धि के लिए काम करने का समय है। सबसे बढ़कर, यह समय नागालैंड के उत्साही युवाओं के सपनों को पूरा करने का समय है।

16. एक बार फिर इस खूबसूरत राज्य - आपके नागालैंड, मेरे नागालैंड और हमारे नागालैंड में मुझे आमंत्रित करने के लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं। मैं एक बार फिर नागालैंड राज्य की स्थापना की वर्षगांठ पर आपको बधाई देता हूं। मैं आपको हॉर्नबिल महोत्सव और क्रिसमस की शुभकामनाएं देता हूं।

ईश्वर की कृपा आप सब पर बनी रहे।


धन्यवाद,


जय हिन्द!