Back

‘भारत-बल्गारिया व्यापार मंच’ में भारत के राष्ट्रपति का सम्बोधन

सोफिया : 05.09.2018

Download PDF

1. राष्ट्रपति रादेव के साथ बल्गारिया-भारत व्यापार मंच को संबोधित करते हुए मुझे प्रसन्नता हो रही है। इस आयोजन में दोनों पक्षों की उत्साह-पूर्ण भागीदारी देखकर मुझे बहुत खुशी हुई है। मैं ‘भारतीय-बल्गारियाई व्यापार चैम्बर’ के सहयोग से किए गए ‘बल्गारियन स्माल एंड मीडियम एंटरप्राइजेस प्रमोशन एजेंसी’ के काम की सराहना करता हूं, जिन्होंने यहाँ अपने भारतीय समकक्षों के साथ जुड़ने के लिए इतने बड़े प्रतिनिधिमंडल को जुटाने में कड़ी मेहनत की है। भारत से, ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’, ‘भारतीय उद्योग परिसंघ’, ‘पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ और ‘ट्रेड प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया’ के नेतृत्व में हमारी 65 कंपनियां यहाँ मौजूद हैं।

2. भारत और बल्गारिया की मैत्री समय की कसौटी पर खऱी उतरी है और 8वीं शताब्दी से चली आ रही है। हमारे संबंधों में लोकतंत्र के साझा मूल्यों और कानून के शासन के आधार पर आधुनिक समय में अच्छी प्रगति हुई है। लेकिन मैं यह मानता हूँ कि, जहां एक ओर हमारे राजनीतिक संबंध हमेशा मजबूत और गहरे रहे हैं, वहीं हमारे आर्थिक संबंध साधारण रहे हैं। इन्हें और मजबूत बनाने की गुंजाइश है। हमारे लिए इस स्थिति को सुधारने का यही सही समय है। आज हमारी बैठक में राष्ट्रपति रादेव और मैंने अपने आर्थिक संबंधों में नया अध्याय लिखने का दृढ़ निश्चय कर लिया है। और इस प्रयास में मुझे आपके समर्थन की आवश्यकता है।

3. दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच स्वाभाविक तालमेल है और हमें अपने पारस्परिक लाभ के लिए इनका उचित रूप से उपयोग करने की आवश्यकता है। भारतीय अर्थव्यवस्था की उच्च वृद्धि दर का लाभ बल्गारियाई कंपनियों को मिल सकता है। और भारतीय कंपनियां बल्गारिया में घरेलू बाजार के साथ-साथ समूचे यूरोपीय संघ की अर्थव्यवस्था के लिए भागीदारी कर सकती हैं। दो-तरफा व्यापार और निवेश की संभावना वाले प्रमुख क्षेत्रों में आईसीटी, जैव प्रौद्योगिकी, फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल कल-पुर्जे, चिकित्सा उपकरण, रक्षा उत्पादन, अवसंरचना और पर्यटन क्षेत्र शामिल हैं। मुझे खुशी है कि आज इस हॉल में इन सभी क्षेत्रों की ओर से अच्छा प्रतिनिधित्व हो रहा है। उनमें से कई क्षेत्रों में, भारतीय कंपनियों ने इस देश में और बल्गारियाई उद्यमों ने भारत में पहले ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा ली है।

4. हमारा द्विपक्षीय व्यापार 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर से थोड़ा ही ऊपर है। यह हम दोनों की क्षमता से बहुत कम है। मुझे विश्वास है कि अगर हम एक-दूसरे की अर्थव्यवस्थाओं में और गहरे जाकर संभावनाओं की तलाश करें तो साथ मिलकर बहुत कुछ किया जा सकता है। मुझे विश्वास है कि आज इस विषय पर आपके विचार आगे चलकर हमारे लिए सर्वाधिक कारगर होंगे।

देवियो और सज्जनो,

5. आज भारत की आर्थ-व्यवस्था बहुत आशाजनक स्थिति में है। 8.2% की वर्तमान विकास दर के साथ, दुनिया में सर्वाधिक तेजी से बढ़ती हुई प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में, वर्ष 2025 तक इसके 5 ट्रिलियन तक की अर्थव्यवस्था होने की संभावना है। हाल ही में 2.6 ट्रिलियन यूएस डॉलर की जीडीपी के साथ भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। आईएमएफ ने 2019 में भारतीय विकास दर के 7.8% रहने का अनुमान लगाया है। हमारी आर्थिक वृद्धि से बल्गारियाई कंपनियों के लिए भारत में निवेश, व्यापार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दीर्घकालिक गठबंधन स्थापित करने के अवसर पैदा होंगे।

6. भारत को 21वीं सदी की समावेशी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए, हमारी सरकार ने अर्थव्यवस्था के उत्थान और हमारे नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए कई उपाय किए हैं। 100 स्मार्ट सिटी, 10 ग्रीन-फील्ड एयरपोर्ट, 7 हाई-स्पीड ट्रेन कॉरिडोर, 5 बड़े बंदरगाह, हमारे गांवों और शहरी क्षेत्रों को जोड़ने वाले राजमार्ग और राष्ट्रव्यापी ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी सहित अगली पीढ़ी के बुनियादी ढांचे के निर्माण की महत्वाकांक्षी योजनाएं चल रही हैं। केवल पिछले साल 10,000 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए गए थे अर्थात् औसतन 27 किलोमीटर प्रतिदिन। 111 नदियों को ‘राष्ट्रीय जलमार्ग’ के रूप में चिह्नित किया गया है और नई मेट्रो लाइनों एवं समर्पित माल परिवहन रेल गलियारों के साथ हमारा रेलवे क्षेत्र आधुनिकीकरण की राह पर है। स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में हमारा लक्ष्य है कि 2022 तक 175 गीगावाट अक्षय ऊर्जा की उत्पादन क्षमता तैयार कर ली जाए।

7. विनिर्माण क्षेत्र और‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए, महत्वपूर्ण‘गुड्स एंड सर्विस टैक्स’ सहित कई बड़े बदलाव शुरू किए गए हैं। इससे इतिहास में पहली बार 130 करोड़ भारतीयों का‘एक राष्ट्र, एक कर और एक बाजार’ का सपना पूरा हुआ है। हमने 1400 से अधिक पुराने कानूनों को रद्द कर दिया है और केन्द्र तथा राज्य सरकारों ने मिलकर 10,000 से अधिक ऐसे उपाय शुरू किए हैं जिससे भारत में व्यवसाय स्थापित करना और विकसित करना आसान हो सके। इसके परिणामस्वरूप, भारत ने पिछले चार वर्षों में विश्व बैंक के‘व्यापार सुगमता सूचकांक’ में रिकॉर्ड 42 स्थान की छलांग लगाई है। व्यापार के अनुकूल हमारी नीतियों के कारण ही, 2016-17 में 60 बिलियन यूएस डॉलर से अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हमें प्राप्त हुआ है और, वैश्विक स्तर पर भारत को शीर्ष विदेशी प्रत्यक्ष निवेश स्थल के रूप में स्थान मिला है।

देवियो और सज्जनो,

8. भारत डिजिटल क्रांति की प्रमुखता से अगुवाई कर रहा है। हम अपने युवाओं को बेहतर विकल्प प्रदान करने के लिए नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र है। अगले कुछ वर्षों में, भारत में ऐसी तिकड़ी बनेगी जिसमें एक अरब ‘बैंक खाते’, बॉयोमीट्रिक पहचान पत्र के रूप में एक अरब ‘आधार’ और एक अरब ‘मोबाइल फोन’ होंगे। इससे दुनिया के समक्ष अनोखा डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र उभर कर सामने आएगा।

9. आईटी के क्षेत्र में परंपरागत रूप से मजबूत भारत में दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल प्रतिभा पूल है और यह सबसे बड़ा आईसीटी स्रोत देश भी है। बल्गारिया भी अपनी आईसीटी मजबूती के लिए प्रसिद्ध है। हमारी कंपनियों के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा एनालिटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, रोबोटिक्स और नैनो टेक्नोलॉजी में सहयोग करने की अपार संभावनाएं हैं।

10. भारत-बल्गारिया रक्षा सहयोग दीर्घकालिक सहयोग रहा है। बल्गारिया भारत को इसकी विशाल रक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद कर सकता है। मैं बल्गारियाई कंपनियों को आमंत्रित करता हूँ कि वे भारत की बड़ी कंपनियों के साथ हाथ मिलाएं और भारत में स्थानीय बाजार के साथ-साथ दुनिया के शेष देशों के लिए रक्षा उपकरण निर्माण कार्य करें।

11. भारत और बल्गारिया ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित की है। भारत किफ़ायती तरीके से नवाचार आरम्भ करने का केन्द्र रहा है। हमने मात्र 74 मिलियन अमेरिकी डॉलर की लागत पर मंगल ग्रह पर ‘मंगलयान’ अंतरिक्ष यान भेजा जो किसी हॉलीवुड फिल्म बनाने में आने वाली लागत से भी कम है। दुनिया में अपनी तरह के पहले कारनामे के तौर पर, पिछले साल हमने एक ही प्रक्षेपण यान से 104 उपग्रहों को कक्षा में सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया। अब हम अपने पहले मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन – ‘गगनयान’ को लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच उच्च-प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और अंतरिक्ष क्षेत्रों में व्यावसायिक समन्वय की जबरदस्त संभावनाएं हैं।

12. बल्गारिया के खूबसूरत पहाड़ और काला सागर समुद्र-तट भारतीय फिल्म उद्योग और बॉलीवुड को आकर्षित कर रहे हैं। पर्यटन स्थल होने के साथ-साथ इस कारण से बल्गारिया का आकर्षण और भी बढ़ गया है। आतिथ्य, अवसंरचना और विमानन क्षेत्रों में लाभ के नए अवसर उद्यमियों के लिए उपलब्ध हैं। पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग सम्बन्धी सहमति-पत्र पर आज हुए हस्ताक्षर, इस दिशा में एक स्वागत योग्य कदम है।

13. शिक्षा और कौशल विकास भी ऐसे क्षेत्र हैं जहां दोनों देशों के विद्यार्थियों और पेशेवरों को, विशेष रूप से आईसीटी और चिकित्सा के क्षेत्र में, मामूली लागत पर उच्च मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा सकता है। इससे हमारे लोगों के लिए नई नौकरियां और अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा, फार्मा और हेल्थकेयर क्षेत्रों में संयुक्त उद्यमों तथा व्यापार गठबन्धनों के लिए महत्वपूर्ण संभावनाएं हैं। भारतीय कंपनियों ने हाल ही में बल्गारियाई बाजार के फार्मा क्षेत्र में कुछ कंपनियों का अधिग्रहण किया है। ऐसे और भी कई पारस्परिक लाभप्रद व्यवसाय हैं जहाँ आदान-प्रदान की संभावनाएं में हैं। कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भी सहयोग की अपार संभावनाएं है।

देवियो और सज्जनो,

14. भारत में विकास और व्यापार की गतिशीलता महसूस की जा सकती है। मैं इस सभागार में उपस्थित अनुभव, विशेषज्ञता और उत्साह के धनी आप सभी का आह्वान करता हूं कि आप इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाएं। मैं आप सभी को भारत से जुड़ने और वहां निवेश करने के लिए आमंत्रित करता हूं। मैं आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं और भारत-बल्गारिया आर्थिक साझेदारी को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के कार्य में आपका समर्थन चाहता हूं।

धन्यवाद।