Back

आइसलैंड के राष्ट्रपति द्वारा अपने सम्मान में आयोजित राज-भोज पर भारत के राष्ट्रपति का सार संबोधन

रेक्याविक : 10.09.2019

Download PDF

1. राष्ट्रपति महोदय, आपके गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद। आइसलैंड की राजकीय यात्रा पर आना मेरे लिए वास्तव में सम्मान की बात है। इस वर्ष आइसलैंड की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। मैं आपको और आपके देशवासियों को इस महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देता हूं। इससे मेरी यह राजकीय यात्रा और भी ख़ास बन जाती है।

2. मैं आपके लोगों की मुस्‍कान और आपके देश की सुंदरता से अभिभूत हूं। मुझे आज सुबह प्रेसिडेंशियल पैलेस में स्कूली बच्चों से मिलकर अति प्रसन्नता हुई। अपने हाथों में दोनों देशों के झंडे लिए हुए, उन्होंने अपने दिलों की गहराई और स्नेह के साथ मेरा स्वागत किया। मुझे उनकी भावनाओं से और दोनों देशों के संबंधों की गहनता व लोकप्रियता से सुखद अनुभूति हुई है। यह हमारा सौभाग्य है कि हमारे व्यापक संबंधों में भी यही गर्मजोशी और सद्भावना विद्यमान है। हमारे दोनों देश आधुनिकतम प्रौद्योगिकी, डिजिटल युग, समुद्री अर्थव्यवस्था और हरित विकास पर आधारित एक मजबूत समकालीन साझेदारी निर्मित करने के इच्छुक हैं। वास्तव में, हमारे संबंधों का भविष्य उज्‍ज्‍वल है।

3. हमारे दोनों देश आधुनिक लोकतांत्रिक देशों के रूप में समृद्ध हुए हैं, और हम दोनों सदियों से चली आ रही हमारी प्रतिष्ठित लोकतांत्रिक परंपराओं और लोकाचार से प्रेरणा प्राप्‍त करते हैं। मुझे कल दुनिया की प्राचीनतम संसदीय पीठों में से एक पीठ की यात्रा का सुअवसर प्राप्‍त होगा। इसकी समतावादी भावना का अनुभव करते हुए मुझे आज से लगभग 2500 वर्ष पूर्व के बिहार राज्‍य के वैशाली में स्थापित की गई हमारी अपनी प्राचीन गणतंत्रीय राजनीतिक परंपरा की की स्मृति ताज़ा हो जाएगी।

4. आइसलैंड ने कई क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व किया है। भू-तापीय ऊर्जा से लेकर जीनोम विज्ञान तक और स्त्री-पुरुष समानता से लेकर समुद्री अर्थव्यवस्था तक, आपने जो कुछ भी हासिल किया है, उसने कई अन्य देशों के लिए मानक तय कर दिए हैं। आप जलवायु परिवर्तन पर की गई वैश्विक कार्रवाई की अग्रणी आवाज बने रहे हैं। ‘अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन’ को मजबूत करने के लिए और दुनिया को एक स्वच्छता, हरियाली भरे रास्ते पर आगे ले जाने में सक्षम बनाने के लिए हमें आपकी सहायता की आवश्यकता है। विकास के क्षेत्र से हटकर यदि खेल के मैदान तक की बात करें तो - पिछले साल फीफा विश्व कप में आपकी फुटबॉल टीम के शानदार प्रदर्शन से भारत में आपकी टीम के कई प्रशंसक बन गए हैं। भारतीय पर्यटकों के लिए आपके पर्यटन अभियान "इंस्पायर्ड बाइ आइसलैंड" के अब नए मायने सामने आ गए हैं। आप पायेंगे कि आपके देश की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने और हमारी मैत्री की गर्माहट को महसूस करने के लिए अब अनेक भारतीय पर्यटक आइसलैंड की यात्रा पर आएंगे।

5. महामहिम, देवियो और सज्जनो, इन्‍हीं आशावादी विचारों के साथ, मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि हम सब मिलकर:-
- आइसलैंड के राष्ट्रपति और प्रथम महिला के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की;
- आइसलैंड के मैत्रीपूर्ण लोगों की निरंतर सफलता और समृद्धि की;
- और भारत तथा आइसलैंड के बीच मजबूत और चिरस्थायी मैत्री की कामना करें!

स्काल चियर्स!