Back

स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति द्वारा अपने सम्मान में आयोजित राज-भोज पर भारत के राष्ट्रपति, श्री राम नाथ कोविन्द का संबोधन

बर्न : 13.09.2019

Download PDF

1. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र, भारत की 130 करोड़ जनता और सबसे तेजी से बढ़ती एक प्रमुख अर्थव्यवस्था की ओर से मैं आप लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।

2. राष्ट्रपति महोदय, लोकतंत्र ही वह महत्वपूर्ण जीवन-मूल्य है, जो हमारे दोनों राष्ट्रों को नज़दीक लाया है। प्रत्यक्ष लोकतंत्र की आपकी अनूठी प्रथा हमारे लिए और पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बनी हुई है। भारत में, इस वर्ष हमने, विश्वभर में लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व मनाया। और नए जनादेश के साथ नई सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के आदर्श वाक्य के साथ नए भारत के निर्माण का कार्य आरम्भ कर दिया है।

3. हम 2025 तक भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए उत्साह और विश्वास के साथ काम कर रहे हैं। इस परिवर्तनकारी यात्रा में, हम आपके देश को अपने स्वाभाविक भागीदार के रूप में देखते हैं।

4. राष्ट्रपति महोदय, 1948 में हुई मैत्री-संधि से हमारी साझेदारी और प्रबल हुई है। पिछले वर्ष हमने इस संधि और हमारे बीच मैत्री की 70वीं वर्षगांठ मनाई थी। इन सात दशकों में, हमारे संबंधों का विस्‍तार कई गुना हुआ है। व्यापार और पर्यटन, कौशल तथा खेल के माध्यम से हमारे लोग एक दूसरे के निकट आए हैं। स्विस प्रौद्योगिकी, यहाँ के ‘ब्रांड-नेम’ और यहाँ के चोटी के खिलाड़ी भारत में बहुत लोकप्रिय हैं। पिछले महीने, प्रसिद्ध भारतीय महिला खिलाड़ी पी. वी. सिंधु ने बासेल में विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप का खिताब जीता, और ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई है। उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए हम आपको धन्यवाद देते हैं।

5. राष्ट्रपति महोदय, मुझे आपके पूर्ववर्ती राष्ट्रपति की राजकीय यात्रा की याद ताज़ा हो रही है। मैंने 2017 में उनकी मेज़बानी की थी। उस अवसर पर, हमने एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया था जिसमें हमारी ‘दीर्घकालिक गतिशील साझेदारी’ को आगे बढ़ाने के लिए व्यापक रूपरेखा सामने रखी गई थी। मुझे प्रसन्नता है कि पिछले कुछ वर्षों में, हमने व्यापार, निवेश, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा कर मामलों में सूचनाओं के स्वत: आदान-प्रदान जैसे कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है।

6. राष्ट्रपति महोदय, भारत में आज अपार अवसर मौजूद हैं। हमारे यहाँ प्रचुर युवा मानव संसाधन हैं। हमारा व्यापार वातावरण लगातार बेहतर होता जा रहा है। पूंजी, प्रौद्योगिकी, विज्ञान और मानव संसाधन के क्षेत्र में सापेक्ष लाभ के हमारे अवसरों को संयोजित करने की, और पारस्परिक लाभ के लिए साथ मिलकर काम करने की अपार संभावनाएं हैं।

7. मुझे विश्वास है कि आज हमारे बीच हुई चर्चा के परिणामस्वरूप हमारी पारस्परिक रूप से लाभप्रद हमारी साझेदारी नई ऊंचाइयां छुएगी। आपकी चॉकलेट और हमारे मसालों से हमारी मैत्री और एकजुटता का स्वाद बढ़ता ही जाएगा!

8. महामहिम, देवियो और सज्जनो, इन्‍हीं सुखद विचारों के साथ, मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि हम सब मिलकर:-

- राष्ट्रपति मौरो के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की;
- स्विटज़रलैंड के मैत्रीपूर्ण लोगों की निरंतर सफलता और समृद्धि की; और
- भारत तथा स्विटज़रलैंड के बीच स्थायी मैत्री की कामना करें!

धन्यवाद!