Back

क्रोएशिया की राष्ट्रपति द्वारा भारत के राष्ट्रपति के सम्मान में आयोजित राजभोज में भारत के राष्ट्रपति का सम्बोधन

ज़ाग्रेब : 26.03.2019

Download PDF

1. राष्ट्रपति महोदया, आपके भावपूर्ण शब्दों के लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूँ। आज का दिन, हमारे द्विपक्षीय संबंधों की दृष्टि से ऐतिहासिक दिन है। भारत की ओर से आपके इस सुन्दर देश की पहली राजकीय यात्रा पर आना मेरे लिए सम्मान की बात है। हम सब वास्तव में, गर्मजोशी भरे आपके आतिथ्य से अभिभूत हैं।

2. आज, हमारे संबंधों के लिए आगे की राह कैसी हो, इसपर बहुत अच्छी चर्चा हुई। हमने पर्यटन, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। हम आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई सहित अपनी वैश्विक साझेदारी को मजबूत बनाने पर भी सहमत हुए।

3. पिछले साल, फीफा विश्व कप में अपने अद्भुत प्रदर्शन के बाद क्रोएशिया वैश्विक स्तर पर ध्यान का केन्द्र बन गया था। अपनी राष्ट्रीय टीम के समर्थन में महामहिम की व्यक्तिगत रूचि और झुकाव ने भारत के लाखों लोगों के दिलों को छू लिया। हमने आपकी टीम और इसकी अदम्य खेल भावना के लिए उसका उत्साहवर्धन किया। अब भारत में भी क्रोएशिया के कई नए युवा मित्र बन गए हैं।

4. हमारे दोनों देशों के बीच दुब्रोवनिक से लेकर गोवा तक, और मसालों से लेकर आध्यात्मिकता तक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। भारतीय संस्कृति और दर्शन में, वेदों और संस्कृत में, तथा योग और आयुर्वेद में आपके लोगों द्वारा दिखाई गई गहरी रुचि से हम प्रभावित हैं। इसी तरह, कई भारतीय विद्वान भी क्रोएशिया की ओर आकर्षित होते रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय कवि रवीन्द्रनाथ टैगोर तो 1926 में ही ज़ाग्रेब आकर गए थे।

5. क्रोएशिया की स्वतंत्रता और भारतीय अर्थव्यवस्था में उदारीकरण के नए चरण के आरंभ की घटनाएं एक ही समय पर घटी हैं। विशेष रूप से पिछले कुछ वर्षों में घटित भारत की विकास-गाथा, और यूरोपीय संघ के सदस्य देश के रूप में क्रोएशिया की यात्रा को हम दोनों देशों के बीच अच्छी आर्थिक भागीदारी के लिए महत्‍वपूर्ण शुभ संकेत है।आज, हमने इन सम्बन्धों को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है। मुझे विश्वास है कि हमारे रिश्ते का भविष्य बहुत उज्ज्वल है।


6. देवियो और सज्जनो, इन्‍हीं शब्‍दों के साथ, मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि हम सब मिलकर:-

- क्रोएशिया गणराज्य की राष्ट्रपति और श्री कितारोविच के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की;

- क्रोएशिया के मैत्रीपूर्ण लोगों की निरंतर प्रगति और समृद्धि की; तथा

- भारत और क्रोएशिया के बीच चिर-स्‍थायी मैत्री की कामना करें।

धन्यवाद!